राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के लिए खेल मंत्रालय ने बनाई चयन समिति, ये सदस्य शामिल

केंद्र सरकार ने वर्ष 2025 के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, द्रोणाचार्य और अर्जुन पुरस्कारों के लिए चयन समिति का गठन कर दिया है। यह समिति निर्धारित मानकों के आधार पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के नामों की अनुशंसा करेगी। खेल मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अरुण कुमार मिश्रा करेंगे।
समिति में खेल जगत की नामचीन हस्तियां, अनुभवी खिलाड़ी, कोच और खेल पत्रकारों को शामिल किया गया है। प्रमुख सदस्यों में क्रिकेटर झूलन गोस्वामी, हॉकी खिलाड़ी एम.एम. सोमैया, बैडमिंटन स्टार अपर्णा पॉपट, खेल पत्रकार विजय लोकपल्ली और हेमंत रस्तोगी, पैरा स्पोर्ट्स विशेषज्ञ एच.एन. गिरीशा तथा ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग शामिल हैं। जिम्नास्टिक्स कोच और द्रोणाचार्य अवार्डी देवेंद्र कुमार राठौर भी समिति में स्थान पाए हैं। इसके अलावा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के टॉप्स प्रोग्राम के सीईओ, ईडी (टीम्स) और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. शभित जैन सदस्य सचिव के रूप में शामिल रहेंगे।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि समिति के सदस्यों को यात्रा भत्ता, डीए और आवास सुविधाएं केंद्र सरकार के ग्रुप ‘ए’ अधिकारियों के नियमों के अनुरूप प्रदान की जाएंगी। मंत्रालय के अनुसार, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री को पुरस्कार योजनाओं के किसी भी प्रावधान में आवश्यकतानुसार शिथिलता देने का अधिकार प्राप्त है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.