दिल्ली एयरपोर्ट, हाईकोर्ट समेत पांच जगहों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

HIGHLIGHTS
- दिल्ली हाई कोर्ट को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिली।
- धमकी के बाद जजों, वकीलों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को परिसर से बाहर निकाला गया।
- अदालत की सुनवाई स्थगित कर दी गई।
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली की पांच बड़ी लोकेशन्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और सभी संबंधित स्थानों पर जांच शुरू कर दी गई है। इनमें दिल्ली हाई कोर्ट, जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, एमबी साकेत ऑफिस/डीएम ऑफिस, दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल 3 और एसडीएम ऑफिस दिल्ली कैंट शामिल हैं।
दमकल विभाग के अनुसार, सभी लोकेशन्स पर दमकल वाहन भेजे गए हैं। हालांकि, अभी तक की जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
रजिस्ट्रार जनरल के ईमेल पर मिली धमकी
दिल्ली हाई कोर्ट के आधिकारिक ईमेल यानी रजिस्ट्रार जनरल की ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल भेजा गया। मेल में अदालत परिसर और जजों के कक्ष में बम रखे होने की बात कही गई। साथ ही दोपहर दो बजे तक परिसर खाली करने और धमाका करने की चेतावनी दी गई।
ईमेल मिलने के बाद दिल्ली पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। सुरक्षा एजेंसियों ने अदालत परिसर, कोर्ट रूम और संवेदनशील हिस्सों में गहन तलाशी के साथ एंटी-सबोटेज चेकिंग शुरू कर दी।
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। हाई कोर्ट के आसपास भी गश्त और चेकिंग बढ़ाई गई है।
स्पेशल सेल और साइबर क्राइम यूनिट जांच में जुटी
धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए स्पेशल सेल और साइबर क्राइम यूनिट ने जांच शुरू कर दी है। टीमें ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस और सर्वर की जानकारी खंगाल रही हैं।
पुलिस इस ईमेल को सुरक्षा व्यवस्था परखने या दहशत फैलाने की कोशिश के तौर पर देख रही है। हालांकि, बिना किसी ढिलाई के सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
हाई कोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी ने क्या कहा?
धमकी के बाद दिल्ली हाई कोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी और वकील कुनाल ने कहा कि प्रथमदृष्टया यह धमकी फर्जी लग रही है। उन्होंने बताया कि सभी जगह स्थिति नियंत्रण में है। बॉम्ब स्क्वायड और स्निफर डॉग्स हाई कोर्ट परिसर की बारीकी से जांच कर रहे हैं। फिलहाल किसी तरह के खतरे की बात सामने नहीं आई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.