सालासर बालाजी के दर्शन को जा रहे तीन युवकों की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

HIGHLIGHTS
- पदयात्रा के दौरान तीनों युवक बाकी जत्थे से आगे निकल गए थे।
- गनेरी में ठहरने के बजाय तीनों ने रात में सालासर जाने का फैसला किया था।
- पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अज्ञात वाहन और चालक की पहचान में जुटी है।
चूरू। राजस्थान के चूरू जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सालासर बालाजी के दर्शन के लिए पैदल जा रहे तीन युवकों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा सालासर मंदिर से करीब एक किलोमीटर पहले हुआ, जिसमें तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सालासर पुलिस थाने के एसएचओ शंखल लाल भारी ने बताया कि मृतक तीनों युवक पदयात्रा पर निकले थे। वे 10 सितंबर को करीब 80 लोगों के एक समूह के साथ जायल से सालासर बालाजी के लिए पैदल रवाना हुए थे।
शुक्रवार रात पूरा जत्था सालासर से लगभग 11 किलोमीटर दूर गनेरी में ठहरा था। हालांकि, तीनों युवकों ने रात में ही आगे बढ़कर सालासर पहुंचने का फैसला किया और वे बाकी लोगों से आगे निकल गए।
सालासर के नजदीक पहुंचने पर किसी अज्ञात वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजेश भार्गव (27), नटवर भार्गव (29) और विक्रम भार्गव (24) की मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। इसके बाद टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। घटना के बाद मृतकों के परिवारों और पदयात्रियों के समूह में शोक का माहौल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.