तमिलनाडु एक्सप्रेस में महिला की तबीयत बिगड़ी, डेढ़ घंटे बाद मिली मेडिकल मदद; इलाज के दौरान मौत

HIGHLIGHTS
- महिला ने रात 10:21 बजे रेलवे हेल्पलाइन 139 पर मदद मांगी थी।
- ट्रेन रात 11:51 बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंची।
- रेलवे अस्पताल में महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया।
तमिलनाडु एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद 57 वर्षीय महिला को रेलवे की मदद के लिए करीब डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा। आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर उन्हें एंबुलेंस से एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में इलाज शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद महिला की मौत हो गई। घटना ने रेलवे की आधुनिक सेवाओं और रेल मदद एप से जुड़े दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
केरल निवासी तिलकम रविवार रात अपने पति गोविंद राज के साथ तमिलनाडु एक्सप्रेस (12622) से नई दिल्ली से चेन्नई जा रही थीं। वह एसबी-5 कोच की सीट संख्या 65 पर यात्रा कर रही थीं। ट्रेन रात करीब नौ बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। सफर के दौरान महिला को बेचैनी महसूस हुई और उन्हें पसीना आने लगा।
रात 10:21 बजे उनके पति ने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर चिकित्सकीय मदद मांगी, लेकिन उन्हें तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। करीब डेढ़ घंटे बाद रात 11:51 बजे ट्रेन आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची। यहां रेलवे अस्पताल के डॉ. रवि कसाना ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया।
इसके बाद रात 12:25 बजे महिला को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां रात 12:47 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जीआरपी आगरा कैंट के इंस्पेक्टर संदीप तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्टअटैक सामने आई है।
बीच में ट्रेन का कोई स्टॉप नहीं था
नई दिल्ली से आगरा कैंट पहुंचने तक तमिलनाडु एक्सप्रेस का बीच में कोई निर्धारित ठहराव नहीं था। हालांकि, मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में ट्रेन को रास्ते में रोका जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसी बीच महिला की हालत बिगड़ती गई और उनकी मौत हो गई।
मथुरा स्टेशन पर दी गई थी मेडिकल मदद की पेशकश
महिला की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद मथुरा स्टेशन पर चिकित्सकीय सहायता देने की पेशकश की गई थी। हालांकि, परिजनों ने आगरा में इलाज कराने की बात कही। इसके बाद आगरा कैंट स्टेशन पर मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई।
आगरा पहुंचने पर महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने कहा कि रेलवे की ओर से कोई लापरवाही नहीं की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.