महराजगंज में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा सिसवा के मीराबाई नगर वार्ड नंबर 25 स्थित पोखरा टोला में हुआ।
- एक किशोर ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों को घटना की सूचना दी।
- पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से तीनों किशोरों को बाहर निकाला गया।
महराजगंज। निर्माणाधीन तालाब में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। हादसे की जानकारी एक किशोर की सूझबूझ से ग्रामीणों और स्वजन तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि तीनों किशोरों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाने तक काफी देर हो चुकी थी, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सिसवा के मीराबाई नगर वार्ड नंबर 25 के पोखरा टोला निवासी राजबीर (13), नीतीश यादव (14), रोहन (13) और कृष्णा रौनियार (15) रविवार दोपहर गांव के निर्माणाधीन तालाब में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। राजबीर ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।
इसके बाद राजबीर तुरंत गांव पहुंचा और शोर मचाकर घटना की जानकारी स्वजन और ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग तालाब की ओर पहुंच गए। पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू कराया।
कड़ी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों को तालाब से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल और गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। स्वजन के रोने-बिलखने से माहौल बेहद दुखद हो गया।
एक ही गांव के तीन किशोरों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। कोठीभार थाना अध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला निर्माणाधीन पोखरे में नहाने के दौरान डूबने से हुई मौत का सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.