यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 9 PCS अधिकारियों के तबादले

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए PCS संवर्ग के 9 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए। नियुक्ति विभाग की ओर से जारी आदेश में नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी और मुख्य राजस्व अधिकारी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस सूची में दो ऐसे अधिकारी भी शामिल हैं जो लंबे समय से प्रतीक्षारत थे।
जारी आदेश के मुताबिक, प्रयागराज में नगर मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात विनोद कुमार सिंह को मिर्जापुर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं मुरादाबाद में उप जिलाधिकारी और नगर मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत विनय कुमार सिंह को प्रयागराज का नया नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
बलिया जिले में भी प्रशासनिक बदलाव किया गया है। उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक के पद पर कार्यरत गुलशन को वहां का मुख्य राजस्व अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं बलिया में तैनात मुख्य राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार पाल को लखनऊ स्थित बाल विकास एवं पुष्टाहार निदेशालय में उप निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
भदोही में उप जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत बरखा सिंह को स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक बनाया गया है।
लंबे समय से तैनाती का इंतजार कर रहे दो PCS अधिकारियों को भी आखिरकार नई पोस्टिंग मिल गई है। अविनाश कुमार गौतम को आजमगढ़ का उप जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि अभिषेक वर्मा को फर्रुखाबाद का उप जिलाधिकारी बनाया गया है।
नगर निगम स्तर पर भी बदलाव किया गया है। कानपुर नगर निगम की अपर नगर आयुक्त अमृता सिंह को अमेठी में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर भेजा गया है, जबकि वाराणसी नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को कानपुर नगर निगम में इसी पद पर स्थानांतरित किया गया है।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, यह तबादला सूची प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका उद्देश्य खाली पड़े महत्वपूर्ण पदों को भरना और प्रशासनिक कार्यों में अधिक दक्षता व गति लाना है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.