यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा: कलावा-मंगलसूत्र पर छूट, लेकिन इन चीजों पर सख्त बैन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही और समकक्ष पदों पर होने वाली सीधी भर्ती परीक्षा को लेकर भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान धार्मिक प्रतीकों जैसे कलावा, मंगलसूत्र या अन्य पारंपरिक चिह्नों को हटाने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि इलेक्ट्रॉनिक और स्मार्ट डिवाइस को लेकर सख्त प्रतिबंध लागू रहेगा।
भर्ती बोर्ड के अनुसार, 32,679 पदों के लिए आयोजित की जा रही यह लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रदेश के सभी 75 जिलों में निर्धारित केंद्रों पर होगी। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए 28 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
डीजी भर्ती बोर्ड एसबी शिरडकर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलों के नोडल अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कंट्रोल रूम प्रभारी अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि बोर्ड द्वारा तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। प्रत्येक अभ्यर्थी का आधार सत्यापन और ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए आइरिस आधारित बायोमेट्रिक सिस्टम सहित अन्य तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया जाएगा।
महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा अलग व्यवस्था के तहत की जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और नीले या काले रंग का पेन साथ लाने की अनुमति होगी। बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे जूते-मोजों के बजाय संभव हो तो चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचें, जिससे जांच प्रक्रिया में सुविधा हो सके।
बोर्ड ने स्मार्ट डिवाइसों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। स्मार्टफोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, स्मार्ट ग्लास और ऐसे किसी भी उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी, जिनमें वायरलेस कनेक्टिविटी की सुविधा हो। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे उपकरणों के साथ पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों को भी मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक परीक्षा पाली से पहले और बाद में केंद्रों का निरीक्षण और सैनिटाइजेशन कराया जाएगा।
भर्ती बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा, जो अभ्यर्थियों की जांच के साथ-साथ किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर नजर रखेगा। यदि कोई अभ्यर्थी नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.