एशियन पैरा खेलों के बीच विवाद में घिरे शम्स आलम, जापानी पुलिस ने हिरासत में लिया

HIGHLIGHTS
- शिकायत मिलने के बाद जापानी पुलिस ने शम्स आलम को हिरासत में लिया।
- भारतीय पैरालिंपिक समिति खेल समाप्त होने के बाद दिल्ली में बैठक कर अंतिम निर्णय लेगी।
- बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने समिति की रिपोर्ट के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही है।
पटना/मधुबनी। जापान के नागोया में आयोजित एशियन पैरा खेलों के दौरान मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड स्थित राठौस गांव के पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
होटल में सफाई करने वाली महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद जापानी पुलिस ने शम्स आलम को हिरासत में लिया। इसके बाद भारतीय दल की ओर से लिखित माफी मांगे जाने के बाद उन्हें बिना प्रतियोगिता में हिस्सा लिए भारत वापस भेज दिया गया।
घटना सोमवार की बताई जा रही है। भारतीय पैरा तैराकी टीम नागोया के एक होटल में ठहरी हुई थी। आरोप है कि 40 वर्षीय शम्स आलम के कमरे में सफाई करने पहुंची महिला के साथ उन्होंने अश्लील हरकत की और छेड़छाड़ की कोशिश की।
बताया गया कि पीड़ित महिला किसी तरह कमरे से बाहर निकली और होटल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने शम्स आलम को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद भारतीय दल को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।
सख्त कार्रवाई की तैयारी, आजीवन प्रतिबंध की सिफारिश
भारतीय पैरालिंपिक समिति ने इस घटना को निंदनीय और अस्वीकार्य बताया है। समिति के दल प्रमुख ने शम्स आलम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए आजीवन प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है।
समिति का कहना है कि देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी से इस तरह के आचरण की उम्मीद नहीं थी। खेल समाप्त होने के बाद दिल्ली में बैठक कर मामले पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बिहार में भी हो सकती है विभागीय कार्रवाई
इस मामले में बिहार में भी शम्स आलम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक ने कहा है कि भारतीय पैरालिंपिक समिति की रिपोर्ट के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
बताया जाता है कि शम्स आलम की नियुक्ति दो साल पहले ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत हुई थी। फिलहाल वह बिहार सरकार के वित्त विभाग में पदस्थापित हैं और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं। आरोप सही पाए जाने पर उनकी सरकारी नौकरी पर भी असर पड़ सकता है।
तीसरी बार एशियन पैरा खेलों में लेना था हिस्सा
शम्स आलम का यह लगातार तीसरा एशियन पैरा खेल होता। इससे पहले वह दो बार इस प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं। स्वीडन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने के बाद उनका चयन इस बार के एशियन पैरा खेलों के लिए हुआ था। यह प्रतियोगिता 18 से 24 अक्टूबर तक जापान में आयोजित हो रही है। हालांकि, मौजूदा विवाद के चलते वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सके।
ट्यूमर के कारण पैरालाइज होने के बाद शुरू की तैराकी
24 साल की उम्र में कमर में ट्यूमर होने के कारण शम्स आलम के कमर के नीचे का हिस्सा पैरालाइज हो गया था। वर्ष 2010 से पहले वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के कराटे खिलाड़ी थे। व्हीलचेयर पर आने के बाद उन्होंने वर्ष 2012 में पुनर्वास के उद्देश्य से तैराकी शुरू की थी।
8 किलोमीटर समुद्र में तैरने का विश्व रिकॉर्ड
शम्स आलम गोवा में 8 किलोमीटर खुले समुद्र में 4 घंटे 4 मिनट में तैरकर लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं।
9 मई को स्वीडन के फाल्कनबर्ग में आयोजित पैरा स्विम ओपन इंटरनेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी-4 स्पर्धा में 2 मिनट 17.80 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता था और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एशियन पैरा गेम्स 2026 के लिए हुआ था, जिसका आयोजन 18 से 24 अक्टूबर तक आइची-नागोया में हो रहा है।
घटना की खबर से गांव और परिवार के लोग स्तब्ध
इस मामले में शम्स आलम का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं, मधुबनी के बिस्फी प्रखंड स्थित उनके गांव राठौस में घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों तक पहुंच गई है।
हालांकि, परिवार और गांव के लोग इस मामले पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। शम्स के पिता नसीर अहमद अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ गांव में रहते हैं। शम्स अविवाहित हैं, जबकि उनके दोनों भाई बाहर नौकरी करते हैं।
कौन हैं शम्स आलम?
जन्म: 17 जुलाई 1986, राठौस गांव, बिस्फी, मधुबनी
शिक्षा: मैकेनिकल इंजीनियरिंग और एचआर में एमबीए
खेल करियर: पूर्व कराटे खिलाड़ी, वर्ष 2012 से पैरा स्विमिंग
उपलब्धियां: 2018 जकार्ता एशियन पैरा खेलों में 50 मीटर और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में स्वर्ण पदक; 100 मीटर बटरफ्लाई एस5 और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी4 में पूर्व विश्व नंबर-1
नौकरी: बिहार सरकार के वित्त विभाग में कार्यरत, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में प्रतिनियुक्ति पर
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.