ऋषिकेश नाबालिग दुष्कर्म मामले में बवाल, होटल में तोड़फोड़; फरार आरोपी की तलाश तेज

HIGHLIGHTS
- महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एम्स पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की।
- उन्होंने पुलिस को फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज करने के निर्देश दिए।
- प्रदेश के होटलों में कम से कम तीन महीने का CCTV बैकअप अनिवार्य करने की बात कही गई है।
ऋषिकेश। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को लेकर ऋषिकेश में लोगों का गुस्सा भड़क उठा। घटना वाले होटल में लोगों ने तोड़फोड़ कर विरोध जताया। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ होटल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। वहीं, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एम्स पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय व सुरक्षा का भरोसा दिया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश लगातार जारी है।
महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एम्स पहुंचकर जाना हाल
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एसपी देहात जया बलूनी और कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट से फोन पर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कुसुम कंडवाल ने नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग छात्रा को ऋषिकेश बुलाकर बहलाने-फुसलाने के बाद होटल में ले जाना और फिर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करना एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील की। होटल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाया। अध्यक्ष ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर प्रदेश के सभी होटलों में कम से कम तीन महीने का सीसीटीवी बैकअप अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।
उनके अनुसार, इससे पुलिस, महिला आयोग और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को संदिग्ध गतिविधियों की जांच में मदद मिल सकेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वैध पहचान पत्र और आयु सत्यापन के बिना नाबालिगों को कमरा देने वाले होटलों को चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य संबंधित धाराओं में सह-अभियुक्त के रूप में कार्रवाई की जाए।
अतिरिक्त रकम लेकर अधूरे दस्तावेजों पर कमरे देने का आरोप
पुराने रेलवे स्टेशन के पास चेला चेतराम मार्ग स्थित एक होटल में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ होटल से जुड़े संदिग्ध कामकाज की परतें सामने आने लगी हैं।
पुलिस जांच में होटल का इस्तेमाल अनैतिक गतिविधियों के लिए किए जाने की बात सामने आने के बाद होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि होटल में अतिरिक्त रकम लेकर कमरों की बुकिंग की जाती थी और पहचान संबंधी दस्तावेजों की पूरी जांच नहीं की जाती थी।
होटल की निगरानी व्यवस्था भी संदेह के घेरे में
रविवार को जांच के दौरान सामने आई जानकारियों से मामला और गंभीर हो गया। बताया जा रहा है कि होटल संचालक को युवक के दूसरे धर्म से होने और युवती के नाबालिग होने की जानकारी थी। इसके बावजूद कथित तौर पर अतिरिक्त रकम लेकर दोनों को कमरा उपलब्ध कराया गया और पहचान से जुड़े पूरे दस्तावेज भी नहीं लिए गए।
मामले में होटल की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे जानबूझकर बंद किए जाने की बात सामने आई है। कैमरे बंद होने के पीछे बिजली नहीं होने का बहाना बनाए जाने की जानकारी मिली है।
जांच में होटल में आधे-अधूरे पहचान दस्तावेजों के आधार पर कमरे उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। आरोप है कि ऐसे कमरों के लिए सामान्य किराये से अधिक रकम ली जाती थी। पुलिस अब होटल में अनैतिक गतिविधियों के संचालन को लेकर भी जांच कर रही है।
दुष्कर्म के बाद नाबालिग का वीडियो बनाने का आरोप
मामले में दुष्कर्म के बाद नाबालिग का वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने नाबालिग का वीडियो बनाया। बताया जा रहा है कि वीडियो बनाते समय आरोपी हंस रहा था।
पुलिस अब आरोपी और उसके दोस्त के मोबाइल फोन को ट्रेस करने के साथ डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल हुआ था या नहीं, कोई वीडियो रिकॉर्ड किया गया था या नहीं और अगर रिकॉर्डिंग हुई थी तो उसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किया गया या नहीं।
आरोपी की तलाश में रिश्तेदारों के यहां दबिश
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। पुलिस टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही हैं।
इसके साथ ही उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.