झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं का बदलेगा सिस्टम, CBT और बहुचरणीय परीक्षा पर विचार

HIGHLIGHTS
- JPSC और JSSC की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई है।
- कमेटी आयोग के पदाधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाशर्तों पर भी सुझाव देगी।
- नियुक्ति नियमावलियों में मौजूद खामियों को दूर करने के लिए बदलाव के निर्देश दिए गए हैं।
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों के बाद राज्य सरकार परीक्षा प्रक्रियाओं में व्यापक बदलाव की तैयारी कर रही है। दोनों आयोगों की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई है। इसमें कार्मिक और वित्त सचिव को भी सदस्य बनाया गया है।
यह कमेटी आयोगों की कार्यप्रणाली में सुधार के साथ-साथ पदाधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाशर्तों को लेकर भी सरकार को सुझाव देगी। इसमें आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति तथा उनकी सेवाशर्तें भी शामिल हैं। दूसरी ओर, राज्य सरकार ने विभिन्न परीक्षाओं की नियमावलियों में मौजूद त्रुटियों को दूर करने के लिए उनमें संशोधन के निर्देश दिए हैं।
JPSC और JSSC में संबंधित नियमावलियों में खामियों के कारण कई नियुक्तियां स्थगित या रद्द होती रही हैं। कई मामले अदालत तक भी पहुंचे हैं। बाद में कोर्ट के हस्तक्षेप और आदेश के बाद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की गई।
इसी को देखते हुए अब स्पष्ट और मजबूत नियमावलियां तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। परीक्षा प्रक्रियाओं में सुधार के फैसले के बाद विभागों को नियुक्ति नियमावलियों में भी आवश्यक बदलाव करने होंगे।
CBT मोड और कई चरणों में परीक्षा कराने पर विचार
पेपर लीक जैसी संभावनाओं को रोकने के लिए राज्य सरकार ज्यादातर परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित यानी CBT मोड में कराने पर विचार कर रही है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इस संबंध में एक प्रस्ताव भी तैयार किया है।
इसके साथ ही प्रारंभिक परीक्षा को कई चरणों में कराने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे एक ही दिन में परीक्षा कराने का दबाव कम होगा और पेपर लीक की आशंका को भी कम किया जा सकेगा।
इन सभी प्रक्रियाओं के लिहाज से सितंबर महीना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संभावना है कि इसी महीने आयोगों और परीक्षा प्रक्रियाओं में सुधार को लेकर जरूरी फैसले लिए जाएंगे।
23,610 पदों पर होनी है नियुक्ति
इस वर्ष JPSC और JSSC के माध्यम से कुल 23,610 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इनमें JPSC के जरिए 1,645 और JSSC के माध्यम से 21,965 पदों पर नियुक्ति की जानी है।
इन पदों में दोनों आयोगों की ओर से पहले ही विज्ञापित पदों के अलावा विभिन्न विभागों से भेजी गई ऐसी अधियाचनाएं भी शामिल हैं, जिनका अभी तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है।
JPSC में 798 पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया चल रही थी, जिन पर या तो रोक लगा दी गई है या उन्हें स्थगित किया गया है। वहीं, 847 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जाना बाकी है।
इसी तरह JSSC में 20,206 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है, जबकि 1,759 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जाना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.