आठवीं मंजिल से कूदे पशु चिकित्सक, मौके से मिले सुसाइड नोट में गरिमा सिंह का नाम

HIGHLIGHTS
- घटना गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे की बताई गई है।
- डा. परमात्मा सिंह मूल रूप से मऊ के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के रहने वाले थे।
- वह महराजगंज जिले के एक ब्लाक में पशु चिकित्सक के पद पर तैनात थे।
गोरखपुर। गोरखनाथ क्षेत्र के बसंत इंक्लेव अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से गुरुवार सुबह पशु चिकित्सक डा. परमात्मा सिंह ने कूदकर जान दे दी। परिजन उन्हें घायल अवस्था में पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें जेल भेजी गई जालसाजी की आरोपित गरिमा सिंह का नाम लिखा है। डा. परमात्मा सिंह ने आठ दिन पहले एम्स थाने में गरिमा और उसके गिरोह के खिलाफ 1.40 करोड़ रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, डा. परमात्मा सिंह मूल रूप से मऊ के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के बरबोझी के रहने वाले थे। वर्तमान में वह गोरखनाथ के बसंत इंक्लेव के बी-213 ब्लाक में परिवार के साथ रह रहे थे। वह पेशे से पशु चिकित्सक थे और महराजगंज जिले के एक ब्लाक में तैनात थे।
डा. परमात्मा सिंह ने पांच अगस्त को एम्स थाने में गरिमा और उसके गिरोह के खिलाफ 1.40 करोड़ रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपितों में गरिमा के अलावा उसके सेवानिवृत्त रेलकर्मी पिता और शिक्षक पति समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस इस मामले में गरिमा और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इस गिरोह के खिलाफ अब तक एम्स थाने में तीन और सहजनवा थाने में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस छह मामलों की जांच कर रही है।
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि डा. परमात्मा सिंह ने अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी है। कमरे की तलाशी के दौरान सुसाइड नोट मिला, जिसमें गरिमा का नाम लिखा है। पुलिस सुसाइड नोट और ठगी के मुकदमे से जुड़े तथ्यों को भी जांच में शामिल कर रही है।
पत्नी भी हैं पशु चिकित्सक
डा. परमात्मा सिंह की पत्नी सावित्री सिंह भी पशु चिकित्सक हैं। दंपती अपने दो बच्चों, एक बेटा और एक बेटी के साथ बसंत इंक्लेव में रहते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोरखनाथ थाना प्रभारी के अनुसार, सुसाइड नोट, ठगी के मुकदमे और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.