सुल्तानपुर में तिरंगा यात्रा का रूट बदला तो मचा बवाल, आधे रास्ते से लौटे संयोजक

HIGHLIGHTS
- यात्रा के लिए ओम प्रकाश त्रिपाठी को संयोजक बनाया गया था
- नपं अध्यक्ष अवनीश सिंह की ओर से भोजन और बैठने की व्यवस्था की गई थी
- तय रूट बदलने से वीर अब्दुल हमीद चौक पर की गई व्यवस्था प्रभावित हुई
विधानसभा मुख्यालय पर भाजपा की तिरंगा यात्रा के बाद विवाद खड़ा हो गया। तय मार्ग से अलग यात्रा ले जाने को लेकर नपं अध्यक्ष समर्थक नाराज हो गए और सड़क पर उनकी कार रोककर जमकर नारेबाजी की। कार को घेरकर मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।
दरअसल, बुधवार को भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा का कार्यक्रम तय किया गया था। इसके लिए जमखुरी निवासी ओम प्रकाश त्रिपाठी को यात्रा का संयोजक बनाया गया था। तय कार्यक्रम के अनुसार यात्रा स्थानीय सर्वोदय इंटर कॉलेज से शुरू होकर वीर अब्दुल हमीद चौक (दुर्गापुर तिराहा) तक जानी थी। यात्रा की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी स्थानीय नपं अध्यक्ष अवनीश सिंह को दी गई थी। नपं अध्यक्ष की ओर से सभी लोगों के लिए भोजन और बैठने की व्यवस्था की गई थी।
यात्रा शुरू होने से ठीक पहले इसका निर्धारित मार्ग बदल दिया गया। यात्रा को मुख्य चौराहे से दियरा रोड और पठखौली रोड होते हुए दोबारा सर्वोदय इंटर कॉलेज ले जाया गया। इससे वीर अब्दुल हमीद चौक पर की गई व्यवस्था बेकार हो गई। इसको लेकर नपं अध्यक्ष के समर्थक नाराज हो गए। आरोप है कि भाजपा जिला महामंत्री विजय प्रताप त्रिपाठी ने राजनीतिक हित साधने के लिए यात्रा का मार्ग बदलवाया।
बता दें कि पिछले नपं चुनाव में विजय प्रताप त्रिपाठी भाजपा प्रत्याशी के तौर पर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार थे। उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी अवनीश सिंह ने चुनाव में हरा दिया था। इसके बाद अवनीश सिंह लखनऊ कार्यालय में भाजपा में शामिल हो गए थे।
नपं अध्यक्ष अवनीश सिंह ने कहा कि उन्होंने यात्रा के लिए पूरी व्यवस्था कर रखी थी, लेकिन जिला महामंत्री ने यात्रा को दूसरे रास्ते से ले जाने का फैसला कर दिया। वहीं, जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं है।
आधे रास्ते से घर लौट गए यात्रा संयोजक
लंभुआ में स्थानीय तिरंगा यात्रा के लिए जमखुरी निवासी ओम प्रकाश त्रिपाठी को संयोजक बनाया गया था। यात्रा के मार्ग को लेकर उनकी एसडीएम और सीओ के साथ बैठक भी हो चुकी थी। मार्ग बदले जाने से नाराज यात्रा संयोजक ओम प्रकाश आधे रास्ते से ही वापस लौट गए।
पूर्व विधायक ने साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक संतोष पांडेय ने सोशल साइट के जरिए इस मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा और उसके पदाधिकारियों को अनुशासनहीन बताते हुए लिखा कि कार्यकर्ताओं ने पदाधिकारी की लंका लगा दी है। सोशल साइट पर कार्यकर्ताओं से घिरे जिला महामंत्री विजय प्रताप त्रिपाठी का वीडियो भी पोस्ट किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.