बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: आरोपी की मां ने बीकेटीसी से मांगी 11 बिंदुओं पर जानकारी

HIGHLIGHTS
- RTI में पीए की गणना और प्रोटोकॉल ड्यूटी को लेकर जानकारी मांगी गई।
- पीए की ड्यूटी किस अधिकारी के आदेश पर लगाई गई, इसका विवरण मांगा गया।
- संविदा पर कार्यरत विधि अधिकारी की नियुक्ति के नियमों पर सवाल उठाए गए।
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के आरोपी प्रमोद नौटियाल की मां हेमलता नौटियाल ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) से 11 बिंदुओं पर सूचना मांगी है। उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत यह आरटीआई दाखिल की है। आरटीआई दाखिल होने के बाद बीकेटीसी में हलचल बढ़ गई है।
आरटीआई में वैयक्तिक सहायक (पीए) की गणना और प्रोटोकॉल ड्यूटी को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पूछा गया है कि पीए की ड्यूटी किस अधिकारी के आदेश पर लगाई गई थी। यह कार्य उसके निर्धारित पदीय दायित्वों में शामिल नहीं है। संबंधित आदेश और ड्यूटी से जुड़े अभिलेखों की जानकारी भी मांगी गई है।
बीकेटीसी में संविदा पर कार्यरत विधि अधिकारी की नियुक्ति को लेकर भी सवाल किए गए हैं। पूछा गया है कि उनकी नियुक्ति किस नियम के तहत हुई और इसके लिए शासन से अनुमति ली गई या नहीं। विधि अधिकारी की भूमिका से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
अधिकारियों की भूमिका पर सवाल
आरटीआई में गणना, प्रोटोकॉल और अन्य जिम्मेदारियों को लेकर अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट करने वाले अभिलेख उपलब्ध कराने की मांग की गई है। सूत्रों के अनुसार, लेखा और प्रोटोकॉल कार्य वैयक्तिक सहायक के निर्धारित दायित्व में वैधानिक रूप से शामिल नहीं हैं।
बीकेटीसी के सूचना अधिकारी राजन नैथानी ने आरटीआई मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मांगी गई सूचनाएं नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.