चंडीगढ़ नैतिक हत्याकांड: हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़, आरोपी घायल

HIGHLIGHTS
- हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग की।
- एएसआई प्रदीप बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण गोली लगने से बच गए।
- जवाबी कार्रवाई में मनमेहर की जांघ में गोली लगी।
चंडीगढ़ में नैतिक हत्याकांड के आरोपियों और ऑपरेशन सेल की टीम के बीच शनिवार सुबह मुठभेड़ हो गई। पुलिस दोनों आरोपियों को सेक्टर-50 में वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी मनमेहर ने कथित तौर पर वहां पड़ी लोडेड पिस्टल उठाकर पुलिस पर गोली चला दी। गोली एएसआई प्रदीप की ओर गई, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह सुरक्षित बच गए।
इसके बाद ऑपरेशन सेल की टीम के दो पुलिसकर्मियों ने भी एक-एक गोली चलाई। इस दौरान मनमेहर की टांग में गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया गया। दूसरा आरोपी अर्शमेहर पुलिस की गाड़ी में ही मौजूद था। दोनों आरोपी सगे भाई हैं और खरड़ में रहते हैं।
ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह सेखों ने बताया कि सेक्टर-22 में हुए नैतिक हत्याकांड के मामले में दोनों आरोपियों को पकड़ा गया था। वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी मनमेहरप्रीत को लेकर जाया गया था। इस दौरान उसने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। उसे रोकने के लिए पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसकी जांघ में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
मनमेहर सीपी मॉल में हुई फायरिंग सहित रंगदारी और गोलीबारी के कई अन्य मामलों में भी शामिल रहा है।
नैतिक ने लॉरेंस गैंग के गुर्गे से दिलवाई थी धमकी, फिर हुई हत्या
चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में 17 वर्षीय छात्र नैतिक की हत्या की जांच में लॉरेंस और बंबीहा गैंग से जुड़ा एंगल सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, नैतिक ने लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर मनी के माध्यम से एक नाबालिग को धमकी दिलवाई थी। इसके बाद इंस्टाग्राम पर मारपीट का वीडियो वायरल होने से नाराज नाबालिग ने बंबीहा गैंग के लक्की पटियाल के दो करीबियों को बुलाया।
इसके बाद दोनों ने नाबालिग के साथ मिलकर नैतिक के ऑटो का पीछा किया और सेक्टर-22 में फायरिंग कर दी। इस घटना में नैतिक की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक सिकंदर पासवान घायल हो गया। पुलिस ने एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया है। वहीं, हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों को आईबी इंस्पेक्टर का बेटा बताया जा रहा है।
दो साल से चल रही थी रंजिश, इंस्टाग्राम वीडियो के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस की जांच के अनुसार, नैतिक और आरोपी नाबालिग के बीच करीब दो साल से विवाद चल रहा था। 22 अक्टूबर को सेक्टर-44 में नैतिक और उसके साथियों ने नाबालिग के साथ मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जो बाद में वायरल हो गया। इसके बाद नाबालिग ने लक्की पटियाल के करीबियों से संपर्क किया।
रात करीब 9:30 बजे नैतिक अपने दोस्त के साथ ऑटो में सवार होकर सेक्टर-22 की ओर जा रहा था। आरोप है कि स्प्लेंडर बाइक पर सवार नाबालिग समेत तीन लोगों ने ऑटो का पीछा किया और सनातन धर्म मंदिर के पास गोलियां चला दीं। इस दौरान नैतिक की छाती के बाईं ओर गोली लगी, जबकि ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे पर गोली लगी। अस्पताल में नैतिक को मृत घोषित कर दिया गया।
वारदात के एक घंटे के भीतर पकड़ा गया नाबालिग
पुलिस ने घटना के करीब एक घंटे के भीतर एक नाबालिग को पकड़ लिया था। पूछताछ के दौरान बंबीहा गैंग से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई। हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों के चंडीगढ़ और मोहाली में हुई अन्य वारदातों में शामिल होने की आशंका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस आरोपियों की भूमिका, गैंगस्टरों से उनके संबंध, हत्या की साजिश और हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.