योगी मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द, इन प्रमुख नामों पर कोर कमेटी ने की चर्चा

उत्तर प्रदेश। प्रदेश में भाजपा के नए अध्यक्ष के नियुक्त होने के बाद सरकार और संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी तेज हो गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर कोर कमेटी की अहम बैठक हुई, जिसमें मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक फेरबदल दोनों विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में लगभग सवा घंटे तक प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार की रूपरेखा पर विचार हुआ और कोर कमेटी की सहमति भी बन गई।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही मंत्रिमंडल विस्तार को लागू किया जा सकता है। इसके बाद संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में सबसे अधिक चर्चा मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हुई। चर्चाओं में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी समेत लगभग आधा दर्जन विधायकों को मंत्री बनाए जाने पर गंभीरता से विचार किया गया। बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी और जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए भी सुझाव दिए गए। इसी आधार पर भाजपा के प्रदेश संगठन का पुनर्गठन करने पर भी सहमति बनी है।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वहीं, कोर कमेटी से जुड़े कुछ अन्य नेता भी बुधवार को दिल्ली जा सकते हैं। पंकज चौधरी हाईकमान के सामने बैठक में हुई चर्चाओं और प्रस्ताव की जानकारी देंगे, जिसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.