राजधानी जयपुर में बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर राजस्थान का खिताब जीत चुके युवक को हनीट्रेप का शिकार बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने युवक को रेप के में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की डिमांड कर रही ब्लैकमेलर लड़की राधाको रंगे हाथ पकड़ लिया है.
लाखों रुपये वसूलने की यह डील जयपुर में चांदपोल बाजार में एक होटल में हुई थी. वहां पुलिस ने 50 हजार रुपये कैश और साढ़े 19 लाख रुपये के तीन चैक लेते ब्लैकमेलर राधा को रंगे हाथ पकड़ा गया है. संजय सर्किल थाना पुलिस गिरफ्त में आई ब्लैकमेलर राधा से पुलिस पूछताछ में जुटी है.
संजय सर्किल थानाप्रभारी शफीक मोहम्मद ने बताया कि हनीट्रेप के आरोप में गिरफ्तार की गई राधा उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड की रहने वाली है. वह पिछले कई बरसों से परिवार को छोड़कर जयपुर में ही अकेली रह रही है. वह शादीशुदा है लेकिन अपने पति को छोड़ चुकी है. जयपुर में आकर राधा ने कभी ब्यूटी पार्लर सैलून तो कभी जयपुर मेट्रो में काम करना शुरू कर दिया.
करीब 6 साल पहले राधा की मुलाकात अपने दोस्त के मार्फत जयपुर में रहने वाले युवक से हुई. वह युवक मिस्टर राजस्थान का खिताब जीत चुका है. करीब पांच साल तक युवक और राधा के बीच अफेयर चला.
पिछले एक महीने से राधा ने युवक को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. इससे वह घबरा गया. राधा ने युवक पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. राधा ने उससे 20 लाख रुपये मांगे और कहा कि वह रकम मिलने के बाद उसे परेशान नहीं करेगी. वह दिल्ली लौट जाएगी. लेकिन युवक ने इतनी मोटी रकम देने से इनकार कर दिया और पुलिस की शरण लेकर राधा के खिलाफ हनीट्रेप का केस दर्ज करवाया.