भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर दुनिया में अपना दबदबा साबित करते हुए 2026 का वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया। इस ऐतिहासिक जीत के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख ही बदल दिया। कप्तान आयुष म्हात्रे के नेतृत्व में टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया।
इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाई। वहीं आयुष म्हात्रे भी उन कप्तानों की सूची में शामिल हो गए, जिन्होंने भारत को जूनियर वर्ल्ड चैंपियन बनाया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया गर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम की सफलता पर खुशी जताते हुए एक्स पर लिखा कि भारत की युवा प्रतिभा क्रिकेट में नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि अंडर-19 टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और यह जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
सचिन ने कहा – यह एक ब्लॉकबस्टर प्रदर्शन
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी युवा टीम की सराहना करते हुए लिखा कि इस निडर और आत्मविश्वास से भरी टीम पर उन्हें गर्व है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की पारी को यादगार बताते हुए कहा कि ऐसे प्रदर्शन ही बड़े सितारों को जन्म देते हैं।
कोहली ने भी दी बधाई
पूर्व अंडर-19 विश्व कप विजेता कप्तान विराट कोहली ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट की मजबूती जूनियर स्तर पर भी साफ नजर आती है। उन्होंने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को इस शानदार कामयाबी के लिए शुभकामनाएं दीं।
देशभर से बधाइयों की बौछार
भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्य कोच गौतम गंभीर, पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर समेत कई दिग्गजों ने टीम को बधाई दी और युवा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।