मुंगेर: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह के खिलाफ 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान अनुमति के बिना गाड़ियों के काफिले के साथ प्रचार करने को लेकर मामला दर्ज किया गया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने 16 वाहनों के साथ धरहरा प्रखंड में अपनी पत्नी और कांग्रेस उम्मीदवार नीलम देवी के समर्थन में प्रचार किया था।
यह प्राथमिकी तत्कालीन फ्लाइंग स्क्वायड टीम में शामिल दंडाधिकारी और जमालपुर के अंचलाधिकारी अबुल हुसैन की शिकायत पर दर्ज की गई थी। इसमें अनंत सिंह सहित 80 से 100 समर्थकों को आरोपी बनाया गया था।
शनिवार को मुंगेर स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में विशेष न्यायाधीश एवं अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम सह सहायक सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार पंकज ने साक्ष्य के अभाव में अनंत कुमार सिंह को इस मामले में बरी कर दिया।
अनंत सिंह फिलहाल बेऊर जेल में बंद
पूर्व विधायक पटना जिले में एक अन्य मामले में बेऊर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। इस केस की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई, क्योंकि सुरक्षा कारणों से वे कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सके। सुनवाई के दौरान अनंत सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया था।