वैशाली: तेज प्रताप यादव के करीबी रहे सौरभ यादव ने उन पर और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सौरभ का दावा है कि तेज प्रताप ने उनका मोबाइल छीन लिया, उन्हें पीटा, कपड़े फाड़े और अपमानजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की।

सौरभ ने बताया कि वह खान सर के भाई की रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने गए थे। इस दौरान तेज प्रताप ने उनका मोबाइल अपने पास रख लिया। इसके बाद उन्हें 26 नंबर सरकारी आवास पर बुलाया गया, जहाँ करीब 20-30 लोगों ने मिलकर उनकी पिटाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और न्यूड वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई।

सौरभ ने कहा कि उनका मोबाइल रात 9 बजे से 1:30 बजे तक तेज प्रताप के आवास में ही रखा गया। उन्होंने एक वीडियो जारी कर बताया कि वे 2015 से तेज प्रताप के साथ जुड़े हुए थे और चुनावों के दौरान उनके लिए प्रचार भी करते रहे। सौरभ ने आरोप लगाया कि बंगले में मौजूद लोग पिटाई को देखते रहे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। उन्होंने इस घटना की शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।