भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद नितिन नबीन ने मंगलवार को अपने दिन की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान से की। सुबह करीब सात बजे वे पटना स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने न्यास बोर्ड के पूर्व सचिव स्वर्गीय कुणाल किशोर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मंदिर दर्शन के बाद नितिन नबीन राजवंशी नगर स्थित नवीन किशोर सिन्हा स्मृति पार्क पहुंचे। वहां उन्होंने अपने पिता को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, विधायक संजीव चौरसिया सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन के दिल्ली रवाना होने की जानकारी दी गई।

पत्रकारों से बातचीत में नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से वे संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना भारतीय जनता पार्टी की कार्यसंस्कृति को दर्शाता है। नितिन नवीन ने भरोसा दिलाया कि बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को सशक्त किया जाएगा और आने वाले चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगाई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ती रहेगी।