भोजपुर में सोन नदी में नहाने के दौरान पांच बच्चे डुब गये। ग्रामीणों के सहयोग से दो बच्चों को बचा लिया गया, जबकि दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं एक बच्चे की तलाश जारी है। घटना चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव की है। मृतकों की पहचान संतोष सोनी की पुत्री छाया कुमारी (9), इमादपुर निवासी सुरज सोनी की पुत्री प्रिया कुमारी (13) के रूप में की गई है।

एक को बचाने में सभी डूबे 
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अंधारी निवासी बबन सोनी के पुत्र संतोष सोनी के घर छठ पर्व करने के लिए उनके साला इमादपुर निवासी सुरज सोनी और रविंद्र सोनी के परिवार अंधारी आये थे, वहीं गुरूवार के दिन लगभग ग्यारह बजे संतोष सोनी की पुत्री गुड़िया कुमारी (13), तनु कुमारी (10), छाया कुमारी (9), इमादपुर निवासी सुरज सोनी की पुत्री प्रिया कुमारी (13), नीशी कुमारी और रविंद्र सोनी का पुत्र पुत्र गोलु कुमार (10) सोन नदी में नहाने गया था। 

नहाने के दौरान गोलु कुमार डूबने लगा। गोलू को डूबते देख प्रिया कुमारी उसे बचाने के लिए गयी, लेकिन गोलू को बचाने के दौरान प्रिया भी डूबने लगी। प्रिया को डूबते देख छाया, तनु और गुड़िया कुमारी तीनों ने उन दोनों को बचाने की कोशिश करने लगे। लेकिन अब स्थिति यह हो गई कि एक को बचाने के लिए दूसरी और फिर एक-एक कर के सभी डूबने लगे। पांचों बच्चों को डूबते देख आसपास स्नान कर रहे लोग पानी की तेज धार की तरफ कूद पड़े।

छाया एवं प्रिया की हो गई मौत, गोलू की तलाश जारी 
 स्थानीय ग्रामीणों ने गुड़िया, तनु, छाया और प्रिया को बाहर निकाल लिया, जिसमें छाया एवं प्रिया की मौत हो गई वहीं गुड़िया एवं तनु की स्थिति गंभीर हो गई। गोलू का कहीं पता नहीं चल पाया, उसकी खोजबीन जारी है। वहीं घटना की सूचना पाकर घटनास्थल पर एएसपी केके सिंह ,चौरी थानाध्यक्ष विवेक कुमार, अंचलाधिकारी राकेश शर्मा, सहार थानाध्यक्ष दीपक कुमार, जिला परिषद लक्ष्मण सिंह, मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह, विधायक प्रत्याशी राजेन्द्र पाठक, राजद नेता वकील कुमार, पूर्व मुखिया चमकिला पासवान सहित सैकड़ों ग्रामीण सोन नदी में शव खोज बीन के दौरान पहुंचे। घटना के बाद परिवार में कोहराम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।