बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सरकार गठन की तैयारी तेज हो गई है. बिहार में आज एनडीए नेताओं की बैठक है. इस बैठक में नीतीश कुमार का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया जा सकता है. इसी बीच सूत्रों के मुताबिक खबर सामने आ रही है कि इस बार सुशील कुमार मोदी की जगह अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की पहली ईंट रखने वाले कामेश्वर चौपाल को बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है.

पार्टी जो पद देगी, स्वीकार
बिहार में सरकार गठन के बीच कामेश्वर चौपाल को भी नई सरकार में शामिल करने को लेकर चर्चा जोरों पर है. राम मंदिर ट्रस्ट के दलित सेवक और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कामेश्वर चौपाल पटना पहुंच चुके हैं. बिहार में नई सरकार में कोई पद मिलने के सवाल पर कामेश्वर चौपाल ने कहा कि वह पार्टी का सेवक हैं और जो पार्टी कहेगी करेंगे. उन्होंने उन खबरों को भी सिरे से खारिज कर दिया कि बिहार में बीजेपी की सीट ज्यादा होने पर बीजेपी का ही मुख्यमंत्री बनेगा. उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे. 

आज होने वाली बैठक में एनडीए के नेताओं की बैठक में बीजेपी से सुशील मोदी, संजय जायसवाल, नंदकिशोर यादव और मंगल पांडेय सहित कुछ अन्य नेता शामिल होंगे. इस बैठक में मंत्रिमंडल पर भी विचार किया जा सकता है. 15 नवंबर को बीजेपी के विधायक दल की बैठक भी होनी है. इस बैठक में तय हो जाएगा कि बिहार में बीजेपी की और से उपमुख्यमंत्री कौन होगा. इससे पहले दिल्ली में भी बीजेपी की संसदीय बोर्ड की बैठक होनी है. इसके बाद पार्टी पर्यवेक्षकों को पटना भेजेगी.