बगहा में तेंदुआ ने एक अधेड़ पर हमला किया गया है। इस घटना में अधेड़ जख्मी हो गया है। बताया जाता है कि अधेड़ खेत में गेहूं काटने गया था, इस दौरान ही तेंदुए ने अटैक कर दिया। आस-पास के लोगों ने लाठी-डंडे से तेंदुए को खदेड़ा। गांव वालों का कहना है कि तेंदुए दो की संख्या में हैं। घायल की पहचान परसौनी गांव निवासी नक्छेद राम के रूप में हुई है, जिसका इलाज पीएससी में चल रहा है। गांव में तेंदुए की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर उसे लोकेट करने में जुटी है। रेंजर सुनील कुमार ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है।

एक सप्ताह पूर्व पुलिस गश्ती दल को भी दिखा था तेंदुआ

थानाध्यक्ष अशोक कुमार बताया कि लोगों को दियारा की तरफ नहीं जाने की हिदायत दी गई है। उस इलाके में तेंदुए को घुमते हुए देखा गया है। गश्ती दल को भी एक सप्ताह पूर्व तटबंध पर तेंदुए को देखा गया है और सूचना वन विभाग को दी गई थी। हालांकि, बाद वन विभाग ने क्या कदम उठाया इसकी जानकारी नहीं है।

हमले के बाद लोगों में दहशत

इलाके में तेंदुए की मौजूदगी के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। गांव के लोग डरे हुए हैं। तेंदुए के हमले के बाद गेहूं काटने वाले किसान गेहूं की कटाई छोड़कर गांव में भाग आए हैं। तेंदुए ने जिस जगह पर अधेड़ पर हमला किया है, वो मदनपुर जंगल से 1- किलोमीटर दूर है।बताते हैं कि तेंदुए ने गंडक नदी के किनारे घने बांस की झाड़ियों में अपना डेरा जमा लिया है। यहां ठंडक के साथ शिकार के लिए छोटे-मोटे जानवर भी मिल जाते हैं।