नवादा जिले के पकरीबरावां थानाक्षेत्र के कबला गांव में अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष के भाई गोपाल कुमार को गोली मार दी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किया गया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

दोस्त के साथ घूम रहे थे गोपाल
परिजनों ने बताया कि गोपाल कुमार गांव में अपने दोस्त के साथ घूम रहे थे, तभी अचानक अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। यह हमला क्यों हुआ, इस बारे में परिवार या स्थानीय लोगों को कोई जानकारी नहीं है। परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

पुलिस ने शुरू की घटना की जांच
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। पकरीबरावां एसडीपीओ महेश चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के कमर में गोली लगने की पुष्टि हुई है। मौके से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।

पुलिस ने अपराधियों की पहचान के लिए छापामारी तेज कर दी है। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। परिजनों द्वारा कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नाम बताए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पैक्स चुनाव से जुड़ाव का एंगल
जानकारी के मुताबिक, जख्मी गोपाल कुमार के चचेरे भाई वर्तमान में पैक्स अध्यक्ष हैं और क्षेत्र में पैक्स चुनाव भी होने वाले हैं। इस वजह से घटना में चुनावी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग घटना के कारणों को लेकर हैरान हैं और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।