कोरोना से पटना AIIMS में भर्ती 7 महीने के बच्चे की मौत हुई है। मंगलवार को उसे प्राइवेट अस्पताल से गंभीर हालत में शिफ्ट किया गया था। 24 घंटे से वो वेंटिलेटर पर था। बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इधर, बुधवार को ही पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई थी। मृतक का नाम सुखदेव प्रसाद (75) है, जो पटना सिटी के अगमकुआं के रहने वाले थे।
NMCH के डॉक्टर के मुताबिक, वे 17 अप्रैल को भर्ती हुए थे। मरीज को सांस लेने में परेशानी थी। इसके अलावा उन्हें दूसरी बीमारियां भी थीं।
इससे पहले जहानाबाद की एक महिला की भी गया में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
24 घंटे में 138 नए कोरोना मरीज
बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 138 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। पटना में सबसे ज्यादा 67 केस मिले। इसके अलावा मुंगेर में 13 और खगड़िया में 10 मरीज मिले हैं।
नए केस में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 665 हो गई हैं। सिर्फ पटना में एक्टिव मरीजों की संख्या 335 है। गया के बाद अब पटना में कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई है। 16 कोरोना संक्रमित मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।