बिहार के पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को विपक्षी दलों की महाबैठक हुई. इस बैठक में 15 से ज्यादा विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए. जिसमें तमाम नेताओं ने 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी को हटाने के लिए एकजुट होने पर मंथन किया. बैठक के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि सभी विपक्षी दलों के बीच सहमति बन गई है. अब सीट शेयरिंग और अंतिम रणनीति के लिए 12 जुलाई को शिमला में बैठक होगी. बैठक के बाद सभी विपक्षी दलों ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने राहुल गांधी पर चुटकी ली. उन्होंने कहा, 'राहुल आप दूल्हा बनो हम बाराती बनने के लिए तैयार हैं.' इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि आपने कह दिया तो शादी हो जाएगी.
विपक्षी दलों की बैठक के बाद लालू यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए जमकर तारीफ की. उन्होंने अडाणी मामले को लोकसभा में राहुल गांधी द्वारा उठाए जाने का हवाला देते हुए कहा, ‘आपने लोकसभा में अच्छा काम किया. राहुल गांधी की दाढ़ी की ओर इशारा करते हुए कहा, 'आप घूमने लगे तो दाढ़ी बढ़ा लिए, इससे नीचे मत ले जाइए.’ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने चुटीले अंदाज कहा, ‘आप हमारी सलाह नहीं मानिए, विवाह नहीं किए. अभी समय नहीं बीता है. आप शादी करिए, हम लोग बारात चलें.’ लालू ने कहा, ‘आपकी माता जी सोनिया गांधी बोलतीं थीं कि हमारी बात नहीं मानता, शादी करवाइए. आप शादी कर लीजिए.’ लालू प्रसाद के इस चुटीले अंदाज पर वहां मौजूद नेता और अन्य हंसने लगे.