दरभंगा के अंबेडकर हॉस्टल में 'शिक्षा न्याय संवाद' कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी गुरुवार दोपहर पटना पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी सिटी सेंटर मॉल गए और 400 सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ समाज सुधारक ज्योतिबा फुले पर आधारित 'फुले' फिल्म देखी। फिल्म का शो दोपहर 2.20 बजे से 5.20 बजे तक चला। राहुल गांधी थिएटर से शाम 4.56 बजे बाहर आए और फिर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। कांग्रेस ने इस शो के लिए 400 टिकट खरीदे थे और विशेष पास भी वितरित किए थे, जिनपर राहुल गांधी और बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की तस्वीरें थीं।
वहीं, राहुल गांधी के आने की सूचना पर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता थिएटर के पास जमा हो गए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया था कि राहुल गांधी केवल सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ ही फिल्म देखेंगे, इसलिए बाकी कार्यकर्ताओं को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इस निर्णय से नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया और कहा कि विशेष पास होने के बावजूद उन्हें अंदर जाने से रोका जा रहा है। उनका आरोप था कि यह जान-बूझकर किया जा रहा है ताकि उन्हें अपमानित किया जा सके और राहुल गांधी के साथ फिल्म देखने का अधिकार उनसे छीन लिया जाए।