दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा रेलवे स्टेशन और जमीरा हाल्ट के बीच डाउन लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से सोमवार को एक छात्र की मौत हो गई। छात्र के शव की पहचान देर शाम हुई है। लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही।

मृतक की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के न्यू शीतल टोला वार्ड नंबर 38 निवासी नरेंद्र कुमार दुबे के 15 साल के बेटे विनायक दुबे के रूप में हुई है। इधर, छात्र के बड़े चाचा शत्रुघ्न दुबे ने बताया कि वह सोमवार की सुबह करीब 11 बजे अपने भाई को नवादा स्थित स्कूल से लाने के लिए निकला था, लेकिन उसका भाई उसके जाने से पहले ही घर आ गया। काफी देर बीत जाने के बाद जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने काफी खोजबीन की। कुछ पता नहीं चल पाया है। इसके बाद उन्होंने उसके पिता को फोन करके इस बात की जानकारी दी।

उधर, पिता ने पटना से लौटने के क्रम में आरा स्टेशन और जमीरा हाल्ट के बीच रेलवे ट्रैक पर उन्होंने एक शव को पड़ा देखा जिसके बाद ट्रेन से उतरे शव के पास जाकर देखा तो वह उनका ही लड़का था। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना आरा रेल पुलिस को दी।

वहीं सूचना मिलते ही आरा रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हालांकि मृतक छात्र कहां जा रहा था और वह वहां कैसे पहुंचा यह स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतक छात्र की मौत किसी चलती ट्रेन की चपेट में आने से बताई जा रही है।

बताया जाता है कि मृत छात्र अपने दो भाई और एक बहन में दूसरे स्थान पर था। उसके पिता एमआर का काम करते हैं। परिवार में मां प्रमिला देवी, एक भाई अश्लोक दुबे और बहन अश्वेशी दुबे है। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है।