बिहार के मधुबनी जिले में दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। खेल-खेल में जेसीबी से बने पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के पांच बच्चों समेत कुल सात बच्चों की मौत हो गई, जबकि कुछ बच्चों की जान बचाने की कोशिश की गई है।
यह घटना बिस्फी थाना क्षेत्र के केरवार गांव की है, जहां बच्चों के डूबने की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नहाने गए थे बच्चे, गहराई का नहीं था अंदाजा
जानकारी के अनुसार, जेसीबी से खुदे गड्ढे में भरे पानी में कुल आठ बच्चे दोपहर के समय नहाने गए थे। इसी दौरान गड्ढे की गहराई का अंदाजा न लग पाने से यह बड़ा हादसा हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बच्चों को बचाने में जुट गए। खेत के पास से सात जोड़ी चप्पलें भी बरामद की गई हैं।
प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की जानकारी मिलते ही बेनीपट्टी के एसडीएम और डीएसपी मौके पर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती बच्चों का हाल जाना। सभी घायलों का इलाज जारी है।
मुआवजे का ऐलान
बेनीपट्टी अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि अब तक सात बच्चों के डूबने की पुष्टि हुई है, जिनमें से पांच की मौत हो चुकी है और दो बच्चों का इलाज चल रहा है।
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।