छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने आज मतदान केन्द्रों के साथ-साथ मतगणना स्थल का दौरा करके तैयारियों का जायजा लिया। वह सीधे बिलासपुर से रायगढ़ पहुंचे थे। हेलीकॉप्टर से रायगढ़ के केआईटी कॉलेज पहुंचने के बाद उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ स्ट्रांग रूम में भी की गई तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिसके बाद 11 फरवरी को होने वाले मतदान के लिये मतदान दल अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।  

रायगढ़ जिले के 7 नगरीय निकायों में 11 फरवरी को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया संपन्न होना है। जिसके लिए मतदान दल आज स्ट्रांग पहुंच कर मतदान सामग्री प्राप्त करने पश्चात आज अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान के लिए रायगढ़ नगर निगम में 172 मतदान केंद्र बनाए है। इसी प्रकार खरसिया नगर पालिका परिषद में 18, घरघोड़ा, लैलूंगा, धरमजयगढ़,  पुसौर एवं किरोड़ीमल नगर पंचायत में 15-15 मतदान केंद्र बनाए गए है। इस तरह कुल 265 मतदान केंद्रों में ईवीएम के माध्यम से नगरीय निकायों में मतदान संपन्न होगा। जिसके लिए जिले में 606 सीयू तथा 954 बीयू उपलब्ध है।

नगर पालिक निगम, नगर पालिका परिषद एवं समस्त नगर पंचायत के कुल 141 वार्डों के 265 मतदान केन्द्रों के लिए 265 सीयू तथा 286 बीयू की आवश्यकता है। साथ ही रिजर्व सहित 584 सीयू एवं 655 बीयू उपलब्ध करवाया गया है। नगर निगम रायगढ़ के 6 वार्डो में जिसमें वार्ड क्रमांक 24, 25, 36, 40, 42 एवं 47 में पार्षद पद के अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण एक से अधिक बीयू का इस्तेमाल किया जाएगा

141 वार्डों में 01 लाख 95 हजार 371 मतदाता
जिले के नगरीय निकाय के लिए कुल 141 वार्डो में अंतिम मतदाताओं की कुल संख्या 01 लाख 95 हजार 371 हैं। जिसमें पुरुष- 97 हजार 655, महिला-97 हजार 686 एवं 20 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिसमें नगर पालिका, निगम रायगढ़ अंतर्गत सभी 48 वार्ड में कुल मतदाता 01 लाख 40 हजार 884 हैं, जिसमें पुरुष 70 हजार 399, महिला 70 हजार 468 एवं अन्य-17 शामिल हैं। इसी तरह नगर पालिका परिषद खरसिया अंतर्गत सभी 18 वार्ड में कुल मतदाता-15 हजार 608 हैं, जिसमें पुरुष 7 हजार 742, महिला 7 हजार 866 हैं। नगर पंचायत पुसौर अंतर्गत सभी 15 वार्ड में कुल मतदाता 4 हजार 207 हैं, जिसमें पुरुष 2 हजार 38 एवं महिला 2 हजार 169 हैं। नगर पंचायत किरोड़ीमल नगर अंतर्गत सभी 15 वार्ड में कुल मतदाता 9 हजार 640 है, जिसमें पुरुष 5 हजार 353, महिला 4 हजार 284 एवं 3 अन्य शामिल हैं। नगर पंचायत घरघोड़ा अंतर्गत सभी 15 वार्ड में कुल मतदाता 7 हजार 136 हैं, जिसमें पुरुष 3 हजार 441, महिला-3 हजार 695 हैं। नगर पंचायत धरमजयगढ़ अंतर्गत सभी 15 वार्ड में कुल मतदाता 11 हजार 536 हैं, जिसमें पुरुष 5 हजार 615, महिला-5 हजार 921 हैं। नगर पंचायत लैलूंगा अंतर्गत सभी 15 वार्ड में कुल मतदाता 6 हजार 360 हैं, जिसमें पुरुष-3 हजार 77 एवं महिला 3 हजार 283 हैं।