उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगा मामले में आरोपी शरजील इमाम को अदालत ने 10 दिन की अंतरिम जमानत दी, जिसके बाद शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे वह तिहाड़ जेल से बाहर आए। अदालत ने उन्हें पारिवारिक समारोह में शामिल होने और परिवार के साथ समय बिताने की अनुमति दी है।

जेल से निकलते समय शरजील मुस्कुराते दिखाई दिए। गेट नंबर तीन से बाहर आने के बाद वह सीधे अपनी कार में बैठे और वहां से चले गए। मीडिया के सवालों का उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

दिल्ली की कड़कड़डूमा अदालत ने 9 मार्च को उन्हें 10 दिन की अंतरिम जमानत प्रदान की थी। अदालत ने शरजील को उनके भाई की शादी में शामिल होने की अनुमति दी है, जो 25 मार्च को होने वाली है। हालांकि, इमाम ने अदालत से छह सप्ताह की राहत की मांग की थी, लेकिन न्यायालय ने सीमित अवधि के लिए ही जमानत दी।