दिल्ली में 14 साल का बारिश रिकॉर्ड टूटा, अगले 3 दिन तक रहेगी बरसात

दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई इलाकों में लगातार बादल बरस रहे हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। रक्षा बंधन के त्योहार के दौरान घरों से बाहर निकले लोग बारिश के कारण असुविधा में रहे। शनिवार को हुई बारिश के कारण सुबह से रात तक सड़कों पर भारी जाम लगा रहा। वहीं, शनिवार को दिल्ली में 14 साल का रिकॉर्ड टूट गया। मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।

भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली और गाजियाबाद के कई क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है, जिससे दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 12 अगस्त तक बारिश जारी रहेगी और 15 अगस्त को हल्की बारिश का अनुमान है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है, जो 22 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

14 साल का टूटा रिकॉर्ड
दिल्ली में 9 अगस्त को पिछले 14 वर्षों का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इस दिन अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 7.8 डिग्री कम था। इससे पहले अगस्त 2012 में अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री था। खराब मौसम के कारण लगभग 300 फ्लाइट्स में देरी भी हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी बादलों के छाने और बारिश की संभावना जताई है।

हिमाचल समेत अन्य राज्यों में अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ-साथ अन्य राज्यों जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए भी अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में प्राकृतिक घटनाओं के कारण 362 सड़कें बंद कर दी गई हैं। शिमला मौसम केंद्र ने राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है और ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके अलावा सोमवार से बुधवार तक दो से चार जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here