राजधानी दिल्ली और एनसीआर में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। शनिवार दोपहर को दिल्ली और फरीदाबाद में हुई तेज बरसात से मौसम खुशनुमा हो गया, वहीं शाम को नोएडा में भी झमाझम बारिश हुई। फिलहाल मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
फरीदाबाद में शनिवार सुबह से दोपहर तक उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर तीन बजे के आसपास हुई तेज बरसात ने राहत दिला दी।
27 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 23 अगस्त को आंधी के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना है और इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 24 से 27 अगस्त तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
शनिवार को अधिकतम तापमान घटकर 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं रविवार और सोमवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री तथा न्यूनतम 21 से 23 डिग्री तक रह सकता है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और बुधवार को एक डिग्री बढ़कर 32 से 34 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। न्यूनतम तापमान इन दिनों 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
 
                 
                 
                 
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                                                     
                     
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                         
                                        