दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोरी गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सावेज (गाजियाबाद) और फरदीन (भलस्वा डेयरी) दिल्ली-एनसीआर से चोरी किए गए स्मार्टफोन को बंगाल के रास्ते बांग्लादेश तक पहुंचाने में शामिल थे।

पुलिस ने यमुना विहार के किराए के फ्लैट पर छापा मारकर 83 चोरी किए गए स्मार्टफोन बरामद किए। ये फोन विभिन्न प्रीमियम ब्रांडों के थे, जिनमें iPhone, OnePlus, Samsung, Oppo, Vivo, Realme, Redmi, Poco, Motorola, Nothing और iQOO शामिल हैं। आरोपी इन्हें पैक करके बांग्लादेश भेजने की तैयारी में थे।

पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि 27 मार्च को टीम को फ्लैट में चल रही इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिली। छापेमारी के दौरान एक सीलबंद डिब्बा मिला, जिसमें सभी फोन रखे हुए थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। सावेज का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य ठिकानों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

आर्थिक नुकसान से बचाया, सख्त संदेश दिया

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस कार्रवाई से न सिर्फ आर्थिक नुकसान से बचाव हुआ, बल्कि मोबाइल चोरी और उनके अवैध निर्यात पर भी सख्त संदेश गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य शहरों में चोरी हुए फोन खरीदने वालों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।

100 से अधिक फोन बरामद कर लौटाए

दिल्ली पुलिस ने साल भर में 100 से अधिक चोरी हुए फोन बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाए। इस साल एंटी-गैंग स्क्वाड ने 33 फोन बरामद किए, जिनमें 19 को उनके मालिकों को लौटा दिया गया। दक्षिण रेंज ने 31 और उत्तर रेंज ने 50 फोन बरामद कर उन्हें सही मालिकों को सौंपा। मोबाइल ट्रैकिंग के लिए भारत सरकार के CEIR पोर्टल का इस्तेमाल किया गया। संयुक्त पुलिस आयुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि फोन लौटाने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए।