दिल्ली के करोल बाग इलाके में देर रात एक युवक को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घायल युवक की पहचान आनंद पर्वत निवासी रोहित के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब रोहित अपने एक दोस्त की बेटी के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहा था।
देर रात पुलिस को मिली सूचना
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब 3:55 बजे करोल बाग थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक को गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया है। पुलिस तुरंत लेडी हार्डिंग अस्पताल पहुंची, जहां घायल युवक का इलाज चल रहा था, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं था।
जांच में सामने आया कि रोहित को फैज रोड के पास कुछ अज्ञात युवकों ने गोली मारी थी।
मौके से मिले सबूत
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और वहां से दो खोखे और एक कारतूस बरामद किया। हालांकि घटना स्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में कुछ लोगों को झगड़े के बाद गोली चलाते हुए देखा गया है।
पार्टी से लौटते वक्त हुआ हमला
परिजनों के अनुसार, रोहित बृहस्पतिवार को करोल बाग में आयोजित जन्मदिन पार्टी में शामिल हुआ था। लौटते समय कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया, जिसके बाद उस पर फायरिंग कर दी गई।
पुरानी रंजिश की आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रोहित पर आनंद पर्वत इलाके में हत्या का एक मामला पहले से दर्ज है और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। शुरुआती जांच में पुलिस को आपसी रंजिश का शक है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। घायल के बयान के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।