राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक क्लब के बाहर गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें 21 वर्षीय युवक समीर के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में भर्ती कराया गया। समीर नूर-ए-इलाही, घोंडा का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह लगभग 4:33 बजे सामने आई। जीटीबी अस्पताल से पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पता चला कि समीर अपने दोस्तों के साथ प्रीत विहार स्थित शोशा क्लब गया था, जहां उनकी कुछ अन्य युवकों से विवाद हो गया। झगड़े के बाद दोनों पक्ष क्लब के बाहर सर्विस रोड की ओर चले गए, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। गोली समीर के दाहिने पैर के घुटने के नीचे लगी।

घायल समीर को उसके दोस्तों ने तत्काल अस्पताल पहुँचाया। उन्होंने बताया कि उन्हें फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं है।

पुलिस की क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।