दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को 500 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। जिससे राष्ट्रीय राजधानी में ऐसी बसों की संख्या 1,300 हो गई।

दिल्ली सरकार ने कहा कि राजधानी की सड़कों पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों की संख्या देश में सबसे ज्यादा है। सक्सेना ने संवाददाताओं से कहा, "हमने आज 500 (इलेक्ट्रिक) बसें उतारी हैं। ये शून्य उत्सर्जन वाली बसें हैं। हम दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए ऐसे काम करना जारी रखेंगे।" केजरीवाल ने बदले में सक्सेना को धन्यवाद दिया और शहरी परिवहन में सुधार जारी रखने का वादा किया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मैं इस मौके पर दिल्ली के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। मैं इस अवसर की शोभा बढ़ाने के लिए अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालने के लिए एलजी को भी धन्यवाद देना चाहता हूं। अब हमारे पास दिल्ली में 1300 इलेक्ट्रिक बसें हैं। हम दिल्ली की परिवहन प्रणाली को मजबूत करना जारी रखेंगे।"

सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में, परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा, "बधाई हो दिल्ली!!! हम आज एक और बड़ी उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं! माननीय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और माननीय एलजी के साथ 500 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाई। सफलता कभी भी रातोरात नहीं मिलती। यह निरंतरता का गारंटीशुदा नतीजा है! हम एक बार फिर रिकॉर्ड 1300 ई-बसों के साथ आगे बढ़ रहे हैं।"

बाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में बसों को शामिल करना एक मजबूत कदम है।

उन्होंने कहा, "सर्दियों में प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। एक सीएनजी बस प्रति किलोमीटर 800 ग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित करती है। एक इलेक्ट्रिक बस वातावरण में जाने वाली इतनी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड बचाती है।"

गुरुवार को शामिल होने से पहले, जनवरी 2022 से दिल्ली की सड़कों पर 800 इलेक्ट्रिक बसें चल रही थीं।

मंत्री ने कहा, इन बसों ने 42 मिलियन (4 करोड़ 20 लाख) किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की है और अब तक 34,000 टन से ज्यादा कार्बन डाइऑक्साइड कम किया है।

2025 तक, दिल्ली में कुल 10,480 बसें होंगी, जिनमें बेड़े का 80 प्रतिशत हिस्सा इलेक्ट्रिक बसें होंगी। मंत्री के अनुसार, इससे सालाना 4.67 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड में कटौती करने में मदद मिलेगी।

नई बसें एयरकंडीशन, आरामदायक और सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन से लैस हैं।

उन्होंने कहा, "यदि आप यात्रा करते समय सहज महसूस नहीं करते हैं, तो आप पैनिक बटन दबा सकते हैं और तुरंत कमांड और कंट्रोल सेंटर में लाइव फीड शुरू हो जाएगी। इस फीड को दिल्ली पुलिस भी एक्सेस कर सकेंगे, जो इसमें दखल दे सकेगी।"