चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रियों को जल्द ही दो बड़े शहरों के लिए नई हवाई सुविधा मिलने जा रही है। एअर इंडिया एक्सप्रेस आगामी 1 जून से पुणे और बेंगलुरु के लिए नई डायरेक्ट फ्लाइट सेवाएं शुरू करेगी। एयरलाइन ने इन उड़ानों की बुकिंग भी शुरू कर दी है।

नई सेवा शुरू होने के बाद चंडीगढ़ और पुणे के बीच रोजाना सीधी उड़ान उपलब्ध होगी। निर्धारित समय के अनुसार यह फ्लाइट रात 12:45 बजे चंडीगढ़ से रवाना होकर सुबह करीब 3:10 बजे पुणे पहुंचेगी। वापसी में विमान पुणे से तड़के 3:45 बजे उड़ान भरकर सुबह 6:05 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगा।

आधी रात के बाद पहली नियमित उड़ान

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, समर शेड्यूल के दौरान यह पहली नियमित फ्लाइट होगी जो आधी रात के बाद चंडीगढ़ एयरपोर्ट से संचालित की जाएगी। इससे देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

वहीं, बेंगलुरु के लिए भी नई नॉन-स्टॉप सेवा शुरू की जा रही है। यह फ्लाइट सुबह 6:40 बजे चंडीगढ़ से उड़ान भरकर लगभग 9:55 बजे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पहुंचेगी। वापसी में विमान रात 9:15 बजे बेंगलुरु से रवाना होकर रात 12:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगा।

यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प

नई उड़ानों के शुरू होने के बाद चंडीगढ़ और बेंगलुरु के बीच प्रतिदिन कुल पांच सीधी उड़ानें उपलब्ध हो जाएंगी। इससे बढ़ती यात्री संख्या को संभालने में मदद मिलेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।

इस नई कनेक्टिविटी का सबसे अधिक फायदा आईटी सेक्टर, शिक्षा, व्यापार और पर्यटन से जुड़े लोगों को मिलने की उम्मीद है। फिलहाल चंडीगढ़ और पुणे के बीच केवल एक सीधी उड़ान उपलब्ध है, ऐसे में एअर इंडिया एक्सप्रेस की नई सेवा यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर सुविधा प्रदान करेगी।