नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम उपचुनाव 2025 को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई ने अपने 12 उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। इससे पहले आज ही आम आदमी पार्टी ने भी अपने 12 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे।
पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में चयनित इन उम्मीदवारों में मुंडका, शालीमार बाग-बी, अशोक विहार, चांदनी चौक और चांदनी महल जैसे महत्वपूर्ण वार्ड शामिल हैं। BJP का उद्देश्य स्थानीय मुद्दों और सक्रिय कार्यकर्ताओं के बल पर AAP के मजबूत क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धा बढ़ाना है।

सूची के अनुसार, मुंडका (35) से जयपाल सिंह दराल, शालीमार बाग-बी (56) से अनीता जैन, अशोक विहार (65) से वीना असीजा, चांदनी चौक (74) से सुमन कुमार गुप्ता और चांदनी महल (76) से सुनील शर्मा मैदान में हैं। इसके अलावा द्वारका (120) से मनीषा राजपाल सहरावत, दिचाऊं कलां (128) से रेखा रानी, नरायणा (139) से चंद्रकांता शिवानी, दक्षिणपुरी (164) से रोहिणी राज, संगम विहार (163) से शुभ्रजीत गौतम, ग्रेटर कैलाश (173) से अंजुम मंडल और विनोद नगर (198) से सरला चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है।
BJP के मुताबिक, इन उम्मीदवारों को स्थानीय समस्याओं की समझ और पार्टी की रणनीति के आधार पर चुना गया है ताकि आगामी चुनाव में मजबूत पकड़ बनाई जा सके।