नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद में सोमवार तड़के पुरानी रंजिश ने खतरनाक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, बरात में शामिल एक युवक आशीष (25), निवासी काठा, बागपत, यूपी, की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन पहुँचते ही आशीष को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के भाई अनुज के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपियों में शामिल हैं प्रवेश, उनके भाई संदीप और साले विपिन। एक अन्य आरोपी विकास अभी भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, आशीष प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में एमटीएस था, जबकि आरोपी प्रवेश दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में हवलदार है और उसकी वर्तमान तैनाती भजनपुरा ट्रैफिक सर्किल में है। घटना में इस्तेमाल की गई प्रवेश की लाइसेंसी पिस्टल भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया कि रविवार को काठा, बागपत से बरात वजीराबाद के गुलशन वाटिका, गली नंबर 14/4 में आई थी। पूरी रात बरात में जश्न चला और शराब भी पी गई। तड़के लौटने की तैयारी के दौरान प्रवेश और आशीष के बीच पुरानी रंजिश के कारण बहस शुरू हो गई। विवाद के दौरान प्रवेश ने अपनी पिस्तौल निकालकर पहले आशीष को मारा और फिर उसके सीने में गोली दाग दी।
पुलिस के अनुसार, प्रवेश को शक था कि आशीष और उसकी पत्नी के बीच निकटता है। यही पुरानी रंजिश कई महीनों से चल रही थी। 3-4 महीने पहले भी दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था, जिसे आशीष के पिता ने सुलझाया था।
हत्याकांड के बाद मौके पर बरातियों के बयान लिए गए, और सीसीटीवी फुटेज तथा वीडियो भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।