नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता के भरोसे के लिए दिल्लीवासियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास की वजह से सरकार साल के 365 दिन निरंतर विकास कार्यों में लगी हुई है।
मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा में भाजपा सरकार के पहले वर्ष पूरे होने के मौके पर कई नई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि दिल्ली जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों (ई-बस) के मामले में देश का अग्रणी शहर बन जाएगी। इस पहल का उद्देश्य न केवल सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाना है, बल्कि शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि नई दिल्ली में 500 ईवी बसों का परिचालन शुरू होने वाला है और अगले तीन वर्षों में दिल्ली की सभी सार्वजनिक परिवहन बसों को प्रदूषण मुक्त इलेक्ट्रिक बसों में बदलने की योजना है। इसके तहत लगभग 11,000 इलेक्ट्रिक बसें लाई जाएंगी, साथ ही चार्जिंग स्टेशन और नए बस डिपो बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है।
यह पहल दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन वाले शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम साबित होगी।