दिल्ली में शुक्रवार को इंद्रप्रस्थ बस डिपो से 300 नई इलेक्ट्रिक बसें जनता को समर्पित की गईं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर शहरवासियों के लिए इन्हें शुरू किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन नई बसों से सफर और अधिक आसान होगा और दिल्ली की कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक साल में दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (डीटीसी) के बेड़े में 2,000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य है कि सार्वजनिक परिवहन पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त हो और इसके लिए डीटीसी के सभी पुराने डीजल और सीएनजी बसों को धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक बसों से बदल दिया जाएगा।

सिर्फ दिल्ली तक ही सीमित नहीं, इस दिन नानकसर और गाजियाबाद के बीच नई अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू की गई। इसी मौके पर डीटीसी के नए कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 से बंद पड़ा इलेक्ट्रिक वाहन प्रोत्साहन पोर्टल भी फिर से चालू कर दिया गया है। इस पोर्टल के जरिए अब तक 12,877 लोगों को 24 करोड़ रुपये की लंबित सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में दी गई है।

इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह और विधायक तरविंदर सिंह मारवाह भी मौजूद थे। कार्यक्रम में डीटीसी अधिकारियों और अन्य लोगों ने भी भाग लिया।