नई दिल्ली (द्वारका)। द्वारका जिला एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक ऐसे ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया है जो मजदूरों, फेरीवालों और ई-रिक्शा चालकों तक हेरोइन की सप्लाई कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने एक महिला तस्कर और उसके सहयोगी सप्लायर को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूजा और नदीम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नदीम हाल ही में दिसंबर 2025 में जमानत पर जेल से बाहर आया था, जबकि पूजा का पति पहले से ही डकैती के एक मामले में जेल में बंद है।

निगरानी के बाद हुई गिरफ्तारी

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार नदीम की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जांच में सामने आया कि वह दोबारा हेरोइन की सप्लाई में सक्रिय हो गया था।

11 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि नदीम हस्तसाल विहार क्षेत्र में पूजा को हेरोइन की खेप देने आने वाला है। इसी आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दोनों को मौके से पकड़ लिया।

बरामदगी और जांच

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से हेरोइन के अलावा करीब 53 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपी उत्तम नगर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।