इटली के उत्तरी हिस्से में स्थित बर्गामो प्रांत के कोवो इलाके में शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अज्ञात हमलावर ने गोलीबारी कर दो भारतीय नागरिकों की हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब दोनों व्यक्ति एक वेयरहाउस से बाहर निकल रहे थे। यह वेयरहाउस धार्मिक कार्यक्रमों और वैसाखी के अवसर पर आयोजित सभाओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है और गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के नजदीक स्थित है।

मृतकों की पहचान 48 वर्षीय रागिंदर सिंह और 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। रागिंदर सिंह कोवो में रहते थे, जबकि गुरमीत सिंह अग्नाडेलो के निवासी बताए गए हैं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हमलावर अचानक वहां पहुंचा और दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने के बाद कार से मौके से फरार हो गया।

पुलिस को घटनास्थल से करीब 10 खाली कारतूस मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर ने कई राउंड फायरिंग की। जांच कर रही एजेंसियों का मानना है कि यह वारदात अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं बल्कि पहले से रची गई साजिश हो सकती है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया है कि हमलावर भी भारतीय मूल का हो सकता है और वह उसी गुरुद्वारे में आता-जाता था। हालांकि पुलिस अभी इस दावे की जांच कर रही है और हमलावर की पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश में जुटी है।

बताया जा रहा है कि गोलीबारी के दौरान एक अन्य व्यक्ति भी मामूली रूप से घायल हुआ है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि अगले ही दिन यहां वैसाखी के मौके पर बड़ा धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होना था, जिसमें स्थानीय प्रशासन और बड़ी संख्या में समुदाय के लोगों के शामिल होने की संभावना थी।