दिल्ली के साउथ-ईस्ट जिले के गोविंदपुरी इलाके में देर रात एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां घर के अंदर मां और उसके नाबालिग बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शारदा और उनके 15 वर्षीय बेटे कुशल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय घर के अंदर केवल दोनों ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शारदा के पति रात में बुध बाजार स्थित अपनी दुकान बंद करके घर लौटे थे।
जब वे घर पहुंचे तो उन्होंने दरवाजे के नीचे से खून बहता देखा, जिससे उन्हें अनहोनी का शक हुआ। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर किचन में शारदा और कुशल के खून से लथपथ शव पड़े मिले। दोनों पर किसी धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्राइम व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात के समय घर में कौन आया था। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।