दिल्ली सरकार राजधानी की सड़क प्रकाश व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (EFC) की बैठक में लगभग 473 करोड़ रुपये की स्मार्ट एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना को मंजूरी दे दी गई। यह बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई।
इस योजना के तहत दिल्ली की करीब 96 हजार स्ट्रीट लाइटों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट एलईडी सिस्टम में बदला जाएगा। सरकार का उद्देश्य शहर में बेहतर रोशनी सुनिश्चित करने के साथ-साथ बिजली की खपत को कम करना और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना के कार्यान्वयन में तेजी लाई जाए, ताकि तय समय सीमा के भीतर इसका लाभ जनता तक पहुंच सके। सरकार का लक्ष्य है कि आगामी दिवाली तक राजधानी की सड़कों, कॉलोनियों और सार्वजनिक क्षेत्रों में आधुनिक और अधिक उज्ज्वल प्रकाश व्यवस्था दिखाई दे।
अधिकारियों के अनुसार, इस बदलाव से न केवल बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में भी सुधार होगा।