दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आईआरएस अधिकारी की बेटी का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म की कोशिश की गई और इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या की गई। यह भी संभावना जताई जा रही है कि गला घोंटने के लिए मोबाइल फोन के चार्जर वायर का इस्तेमाल किया गया हो।
मामले में दिल्ली पुलिस ने बताया कि हाल ही में नौकरी से हटाए गए एक घरेलू कर्मचारी पर शक की सुई घूम रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को घर और परिवार की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।