नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) के तहत अब मुफ्त राशन का वितरण 30 नवंबर के बाद नहीं होगा। इस संबंध में केंद्रीय खाद्य सचिव सुधांशु पांडेय ने बताया कि अर्थव्यवस्था में सुधार और ओएमएसएस नीति के तहत खुले बाजार में खाद्यान्न की अच्छी बिक्री को देखते हुए पीएमजीकेएवाई के जरिये मुफ्त राशन वितरण को नवंबर से आगे बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं है।
इसी पर अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से अपील करते हुए ट्वीट किया है। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा ,' महंगाई बहुत ज़्यादा हो गई है। आम आदमी को दो वक्त की रोटी भी मुश्किल हो रही है। कोरोना की वजह से कई बेरोज़गार हो गए। प्रधानमंत्री जी, ग़रीबों को मुफ़्त राशन देने की इस योजना को कृपया छः महीने और बढ़ाया जाए, दिल्ली सरकार अपनी फ़्री राशन योजना छः महीने के लिए बढ़ा रही है।