गांधीनगर में फिर खिला कमल, आप दूसरे पायदान पर

नई दिल्ली: गांधी नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बंपर सीटों के साथ पूर्ण बहुमत मिला है. नए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई में यह पहला चुनाव था और गुजरात की राजधानी गांधीनगर के चुनाव में भाजपा भारी बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज हुई.  गौरतलब है कि गांधी नगर निकाय चुनाव के 11 बोर्ड की 44 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी को 41, कांग्रेस पार्टी को दो और आम आदमी पार्टी को 1 सीट मिली है. वहीं बीते चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पास 17 सीट थी तो भारतीय जनता पार्टी के पास 16 सीट थी लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी के चुनाव लड़ने के कारण कांग्रेस पार्टी का गणित पूरी तरह से बिगड़ गया.  वहीं भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई. 

पहले स्थान पर भाजपा और दूसरे स्थान पर आम आदमी पार्टी

44 सीटों में से वोट परसेंटेज देखा जाए तो पहले स्थान पर भाजपा और दूसरे स्थान पर आम आदमी पार्टी है.  लिहाजा कांग्रेस पार्टी जो पहले नंबर दो पर थी वह अब नंबर 3 पर पहुंच चुकी है। इस पर चुटकी लेते हुए गुजरात के भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष आर पाटिल ने कहा गुजरात में कांग्रेस पार्टी जनता का विश्वास खो चुकी है. 

वहीं पाटिल ने आम आदमी पार्टी के लिए कहा कि गुजरात में तीसरी पार्टी के लिए कोई जगह नहीं है लेकिन देखा जाए तो हकीकत यह है आम आदमी पार्टी इस चुनाव में नंबर दो की पार्टी बनकर उभरी है.  आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने कहा कि हमें इस चुनाव में 20 प्रतिशत वोट मिले हैं, जिसका मतलब साफ है कि गुजरात की जनता हम पर धीरे-धीरे विश्वास कर रही है। वहीं भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल किया है.  

भूपेंद्र पटेल के सीएम बनने के बाद पहली बड़ी जीत

गौरतलब है कि भूपेंद्र पटेल के सीएम बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी की यह पहली बड़ी जीत है. प्रदेश अध्यक्ष पाटिल की रणनीति के कारण प्रदेश भाजपा महानगर पालिका नगर पालिका जिला एवं तहसील पंचायत के चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ सामने आई है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटील, शिक्षा मंत्री जीतूभाई वाघाणी, प्रदेश उपाध्यक्ष गोरधन झड़फिया, पूर्वमंत्री भूपेंद्र सिंह चूड़ास्मा, गांधीनगर चुनाव के प्रभारी रहे अमित ठाकर, प्रदीप सिंह वाघेला सहित प्रदेश के कई भाजपा नेता प्रदेश कार्यालय पहुंचकर जश्न में शामिल हुए.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here