राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादलों का डेरा जम गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई स्थानों पर आंधी और बारिश से भारी नुकसान की खबरें सामने आईं। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और धूलभरी आंधी का अलर्ट जारी किया था। साथ ही रविवार को भी बादल छाए रहने और आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

न्यू अशोक नगर स्टेशन को हुआ नुकसान

तेज आंधी के चलते न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन की छत का एक हिस्सा उड़ गया। सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर परिचालन रोक दिया गया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मेट्रो प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुधार कार्य भी किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, न्यू अशोक नगर स्टेशन पर सेवाएं अगले निर्देश तक बंद रहेंगी।

नोएडा में भी असर

नोएडा में तेज बारिश और आंधी से कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ और कई स्थानों पर जाम लग गया। दिल्ली के अन्य इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

तापमान और मौसम पूर्वानुमान

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। शनिवार को सुबह न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने रविवार को भी हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई है।

वायु गुणवत्ता में सुधार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 183 दर्ज किया गया, जो "मध्यम" श्रेणी में आता है। दोपहर तीन बजे तक दिल्ली में लगभग एक मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मध्य दिल्ली, महारानी बाग, मयूर विहार, गाजियाबाद और नोएडा में भी हल्की बारिश की सूचना है।

अन्य राज्यों में भी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में अगले पांच दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अनुमान लगाया है। वहीं, मध्य भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिमी भारत में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा।